HARYANA PRIME TIME
05/01/2026
पानीपत हत्याकांड: अपहरण के दिन ही कर दी गई थी इनेलो नेता के भाई जयदीप राठी की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार
Haryana Prime Time | पानीपत
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के पानीपत जिलाध्यक्ष कुलदीप राठी के भाई जयदीप राठी की 27 दिसंबर को अपहरण के उसी दिन गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज खुलासे की जानकारी अपहरण के नौवें दिन कुलदीप राठी ने स्वयं मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि सुबह डीएसपी नरेंद्र उनके घर पहुंचे और रिमांड के दौरान आरोपियों द्वारा हत्या की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी दी।
फिलहाल जयदीप राठी का शव बरामद नहीं हो सका है। जयदीप राठी पेशे से नागरिक अस्पताल में नेत्र रोग विशेषज्ञ थे। हत्या की पुष्टि होते ही उनके आवास पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और जांच लगातार जारी है।
गुमशुदगी से अपहरण और फिर हत्या तक का मामला
जयदीप राठी के बेटे प्रतीक ने 27 दिसंबर को थाना सेक्टर-13/17 में पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि जयदीप ड्यूटी के लिए घर से निकले थे, लेकिन अस्पताल नहीं पहुंचे। देर शाम तक संपर्क न होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
29 दिसंबर को प्रतीक ने दूसरी शिकायत दर्ज कराई, जिसमें जमीन विवाद के चलते अपहरण की आशंका जताई गई। जांच के दौरान जयदीप का मोबाइल फोन बंद मिला। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें बसताड़ा टोल प्लाजा पर जयदीप की कार दिखाई दी। इसके बाद मामले में अपहरण और अन्य गंभीर धाराएं जोड़ी गईं।
चार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने नामजद शिकायत के आधार पर प्रीतम, रविंद्र राठी उर्फ रवि, सुनील शर्मा और हरेंद्र राठी को गिरफ्तार किया। अदालत से एक दिन का रिमांड लेने के बाद शनिवार को चारों आरोपियों को दोबारा पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कार से कारतूस बरामद, लाइसेंसी पिस्तौल गायब
जयदीप की कार बरामद होने पर उसमें से उनकी लाइसेंसी पिस्तौल गायब मिली, जबकि कार से पिस्तौल का कवर और पांच कारतूस बरामद किए गए। इससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई।
जमीन विवाद बना हत्या की वजह
परिजनों के अनुसार, जयदीप राठी ने सितंबर 2025 में पानीपत टोल प्लाजा के बाबरपुर क्षेत्र के पास करीब 2700 गज जमीन खरीदी थी, जिसके लिए 32 लाख रुपये बयाने के रूप में दिए गए थे। जमीन की रजिस्ट्री प्रक्रिया चल रही थी, इसी दौरान कुछ लोगों से विवाद शुरू हो गया था।
परिजनों ने यह भी बताया कि 10 अक्टूबर 2025 की रात जयदीप के फार्म हाउस पर 10 से 12 बदमाश पहुंचे थे। उस दौरान एक बदमाश छत से गिर गया और पकड़ा गया, लेकिन उस समय पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। बाद में इस लापरवाही पर एसपी ने थाना प्रभारी बलजीत को लाइन हाजिर कर दिया था।
राजनीतिक दबाव बढ़ा
इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा दो दिन पहले जयदीप राठी के घर पहुंचे थे और पुलिस-प्रशासन को सख्त चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 4 जनवरी को फतेहाबाद में होने वाली इनेलो की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में इस मुद्दे पर बड़ा फैसला लिया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
23/05/2022
Water Shortage in Delhi: हिमाचल और यूपी अधिक पानी देने से पीछे हटे, हरियाणा तैयार नहीं
दिल्ली में पानी का संकट बरकरार रह सकता है। हरियाणा की तरफ से तर्क दिया गया कि कनाल में अधिक पानी लेने की क्षमता ही नहीं है। इसके बाद हिमाचल भी पीछे हट गया।
हर साल गर्मियों में राजधानी में पानी की किल्लत बढ़ती जा रही है। वहीं, राजधानी को अब हिमाचल और यूपी से अधिक पानी मिलने की उम्मीद भी खत्म हो रही है। हिमाचल और यूपी राजधानी को अधिक पानी देने के प्लान से पीछे हट गए हैं। वहीं, हरियाणा पानी एक्सचेंज प्रपोजल को लेकर उत्साहित ही नहीं हैं। ऐसे में सवाल यह है कि राजधानी में आने वाले समय में पानी की जरूरतें कैसे पूरी होंगी?
हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश से पानी लाने के इन प्रोजेक्ट पर 2019 से काम चल रहा था। लेकिन अब दोनों राज्य इससे पीछे हट गए हैं। डीजेबी के प्लान के मुताबिक, यूपी से ताजा पानी लेकर यूपी को सिंचाई के लिए 140 एमजीडी ट्रीटेड पानी देना था। अधिकारियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश ने कहा था कि वह गंगा के पानी के रूप में मुराद नगर रेगुलेटर से दिल्ली को 270 क्यूसेक पानी देगी। वहीं, दिल्ली ने इसके बदले इतना ही ट्रीटेड पानी ओखला बैराज के जरिए यूपी को देने का वायदा किया था। इस प्लान को लेकर दोनों राज्यों के अधिकारियों ने कई मीटिंग की, फील्ड इंस्पेक्शन भी हुए। इसके बाद यूपी की तरफ से इस प्लान को बंद कर दिया गया। यूपी से इसकी कोई वजह नहीं दी गई है।
वहीं, दिल्ली हरियाणा के साथ ही 20एमजीडी ट्रीटेड पानी के बदले पानी लेने की प्लानिंग कर रहा था। दिल्ली को ट्रीटेड पानी औचंदी रेगुलेटर के जरिए दिया जाना था, जबकि हरियाणा सीएलसी और डीएसबी नहरों के जरिए दिल्ली को ताजा पानी देता। लेकिन हरियाणा इस प्रपोजल के लिए तैयार ही नहीं हुआ।
02/05/2022
कुलदीप बिश्नोई कांग्रेस की हरियाणा इकाई के सबसे अच्छे अध्यक्ष होते : रणदीप सुरजेवाला
बुधवार को कांग्रेस ने हरियाणा इकाई का पुनर्गठन किया था और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी उदयभान को कुमारी सैलजा की जगह प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी थी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने रविवार को पार्टी नेता कुलदीप बिश्नोई के प्रति समर्थन जताते हुए कहा कि वह कांग्रेस की हरियाणा इकाई के सर्वश्रेष्ठ अध्यक्ष होते. बुधवार को कांग्रेस ने हरियाणा इकाई का पुनर्गठन किया था और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी उदयभान को कुमारी सैलजा की जगह प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी थी. आदमपुर से विधायक बिश्नोई प्रदेश इकाई में कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं दिए जाने से नाराज दिखे|
उन्होंने बुधवार शाम अपने समर्थकों से कहा था कि उनकी तरह वह भी ‘‘बहुत नाराज'' हैं लेकिन उन्हें सब्र रखना चाहिए. सुरजेवाला ने राज्य में बिजली के संकट पर यहां संवाददाता सम्मेलन बुलाया था जिसमें उनसे पार्टी संगठन के घटनाक्रम के बारे में पूछा गया |
उन्होंने कहा, ‘कुलदीप बिश्नोई सर्वश्रेष्ठ प्रदेश अध्यक्ष होते, लेकिन यह पार्टी का फैसला है कि कौन प्रदेश इकाई का अध्यक्ष बनेगा |
सुरजेवाला ने यह भी कहा कि कुमारी सैलजा अच्छा काम कर रही थीं, लेकिन कई बार ऐसी परिस्थितियां बनती हैं और उन्होंने (सैलजा) इस्तीफे की पेशकश की तथा बाद में इस्तीफा दे दिया |
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता ने नए प्रदेश अध्यक्ष उदयभान को बधाई देने के साथ ही यह भी कहा, ‘मेरा मानना है कि कुलदीप बिश्नोई बहुत काबिल, प्रतिभाशाली और सभ्य व्यक्ति तथा नेता हैं। कांग्रेस को बिश्नोई जैसे नेताओं की जरूरत है |
हरियाणा में मंत्री रह चुके सुरजेवाला ने कहा, ‘मुझे विश्वास है कि कांग्रेस नेतृत्व उनसे बात करेगा और कुलदीप बिश्नोई को संगठन में उचित जिम्मेदारी दी जाएगी. मुझे उम्मीद है |
Click here to claim your Sponsored Listing.
Category
Website
Address
Panipat
132103